gorakhpur, cm yogi, Allegation
गोरखपुर / सहजनवा
09-Jun-2026 05:35 PM
चकमार्ग पर कब्जे का आरोप, सहजनवा तहसील में ग्रामीणों ने किया हंगामा, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत
रूरल न्यूज नेटवर्क।सहजनवा नगर
पंचायत के वार्ड सहबाजगंज में चकमार्ग की भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर मंगलवार
को ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री
जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे
वार्ड संख्या-1 जिगिना के सभासद पति प्रभात यादव उर्फ अंकित
यादव ने बताया कि सहबाजगंज स्थित आराजी संख्या 554 राजस्व
अभिलेखों में चकमार्ग के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर
अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे स्थानीय
लोगों के आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।
Image Source Here...
ग्रामीणों का कहना है कि
कब्जा हटाने की बात करने पर संबंधित लोग गाली-गलौज करते हैं और मारपीट तथा गंभीर
परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कब्जे
वाली जगह पर कथित रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार होता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के
अनुसार नशे के आदी लोग अक्सर मोहल्ले में उपद्रव करते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और
बुजुर्गों में भय का माहौल बना रहता है।प्रदर्शनकारियों
ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा क्षेत्र में गंदगी भी फैलाई जा रही है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विरोध करने पर
स्थानीय लोगों को धमकियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष
जांच कर चकमार्ग की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ
आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में चंद्रकलावती, इसरावती, पप्पी, मीना, श्रीमती, निर्मला, गुंजा, कुशलावती, शिव प्रसाद त्रिपाठी, आशीष त्रिपाठी, रामजानकी दास समेत बड़ी
संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।