अगले महीने से शुरू होगा फ्लैटेड फैक्ट्री में आवंटन, CM ने किया उद्घाटन, 80 उद्यमी लगा सकेंगे रेडीमेड गारमेंट इकाई
रूरल न्यूज नेटवर्क।गोरखपुर औद्योगिक
विकास प्राधिकरण (GIDA) में नवनिर्मित फ्लैटेड फैक्ट्री का मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने 3 जून को उद्घाटन किया। अब इसके आवंटन की तैयारी
शुरू हो गई है। कास्टिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवंटन के लिए आवेदन
आमंत्रित किए जाएंगे। आवंटन के समय आरक्षण का भी ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लैटेड
फैक्ट्री को एमएसएमई यूनिट्स के लिए रेडी टू यूज यानी प्लग एंड प्ले का बेहतरीन
मॉडल बताया है। इसे गीडा का अभिनव प्रयास बताते हुए सीएम ने कहा कि जिन युवाओं के
पास जमीन खरीदने और फैक्ट्री लगाने का पैसा नहीं है, वे सीधे यहां आकर
काम शुरू कर सकते हैं। छोटी पूंजी लगाकर भी यहां अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रेडीमेड गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक और
अन्य एमएसएमई यूनिट्स के लिए यह बेहतरीन मॉडल साबित होगा। उन्होंने कहा कि अभी यह
फ्लैटेड फैक्ट्री तीन मंजिला है और इसे तीन मंजिल तक और बनाया जा सकता है।
Image Source Here...
लंबे समय से उद्यमी कर रहे थे मांग
गोरखपुर के उद्यमियों की मांग पर रेडीमेड
गारमेंट को एक जिला एक उत्पाद (ODOP) में शामिल किया गया
था। इसके बाद GIDA में पहले गारमेंट पार्क विकसित करने की
प्रक्रिया शुरू हुई। उसके बाद कम पूंजी वाले उद्यमियों के सहयोग के लिए फ्लैटेड
फैक्ट्री के निर्माण का निर्णय लिया गया। चैंबर आफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष
एसके अग्रवाल बताते हैं कि गोरखपुर में रेडीमेड गारमेंट को लेकर ढेर सारी
संभावनाएं हैं। इसी को देखते हुए इसे ODOP में शामिल किया
गया।उन्होंने कहा कि इसका निर्माण पूरा हो चुका है
और उद्घाटन भी हो गया। अब नियमानुसार इसका आवंटन कर दिया जाएगा। उद्यमियों को यहां
इंफ्रास्ट्रक्चर पर पूंजी नहीं लगानी होगी। यहां मशीनें लाकर वे अपना उत्पादन शुरू
कर सकते हैं। हर उद्यमी को पर्याप्त जगह मिलेगी। इसके साथ ही यहां उत्पादों के
प्रदर्शन के लिए भी जगह दी गई है। एक ही जगह 80 इकाइयां संचालित
होंगी तो यहां के उत्पादों को पहचान मिलेगी।
यह प्रदेश की दूसरी फ्लैटेड फैक्ट्री है। 42 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत
से इसे तैयार किया गया है। इसके इंडस्ट्रियल ब्लॉक (जी+3) में 80 यूनिट्स के लिए
प्रति यूनिट का क्षेत्रफल 97.51 वर्गमीटर एवं एमिनिटी / यूटीलिटी ब्लॉक (जी+1) में 42 यूनिट्स हेतु, प्रति यूनिट का क्षेत्रफल 20.89 वर्गमीटर है। इंडस्ट्रियल ब्लॉक में एमएसएमई की
यूनिट्स प्लग एंड प्ले मॉडल पर लगेंगी।
हर तरह की सुविधा पहले से मौजूद होने से कोई भी
उद्यमी आवंटन के बाद यहां आकर सीधे कार्य प्रारंभ कर सकेगा। यूटिलिटी ब्लॉक में
बैंक, गोदाम, सेल्स
शोरूम आदि के लिए स्थान आवंटित किया जाएगा। फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में प्लग
एंड प्ले सुविधा के साथ अन्य कई मूलभूत और उद्योग अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध करायी गई
हैं। फ्लैटेड फैक्ट्री से प्रत्यक्ष रुप से करीब 1000 लोगों को रोजगार प्राप्त हो सकेगा। फ्लैटेड फैक्ट्री
से एमएसएमई और इसके अनुसंगी क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्य रूप से
प्रदूषण रहित रेडीमेड गारमेंट, आईटी
एवं फार्मा सेक्टर जैसी इकाइयों को प्रोत्साहन प्राप्त होगा।