समधिया पुलिस चौकी का निर्माण शुरू, गोरखपुर-संतकबीरनगर सीमा पर बढ़ेगी चौकसी
रूरल न्यूज नेटवर्क।गोरखपुर और
संतकबीरनगर जनपद की सीमा पर स्थित सहजनवा थाना क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित समधिया
पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह परियोजना चार साल के लंबे इंतजार
के बाद धरातल पर उतरी है।
Image Source Here...
इस चौकी का मुख्य उद्देश्य
सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगाना और कानून व्यवस्था
को और सुदृढ़ करना है। यह शासन की एक महत्वपूर्ण योजना का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना
है।
समधिया पुलिस चौकी का
निर्माण कार्य पिछले चार वर्षों से जमीन की अनुपलब्धता के कारण रुका हुआ था। यह
प्रोजेक्ट लंबे समय से फाइलों में लंबित था। हालांकि, तहसील प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के बाद अब इसके निर्माण
का रास्ता साफ हो गया है।
2022 में जारी हुआ
था फरमान
उल्लेखनीय है
कि वर्ष 2022 में अपराध नियंत्रण के
उद्देश्य से सहजनवा के समधिया और भड़सार में नई पुलिस चौकियां स्थापित करने का
सरकारी आदेश जारी हुआ था। भड़सार चौकी का कार्य प्रक्रिया में आ गया, लेकिन समधिया में उपयुक्त भूमि न मिलने के कारण निर्माण
कार्य अधर में लटका रहा।
पिछले चार सालों से पुलिस
विभाग और तहसील प्रशासन जमीन की तलाश में जुटे थे। अंततः वर्ष 2026 में स्थानीय लोगों से संवाद और समन्वय स्थापित कर जमीन
चिन्हित की गई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है।
अब तक थाने से होती थी मॉनिटरिंग
समधिया पुलिस चौकी का महत्व
रणनीतिक रूप से काफी अधिक है। इस चौकी के दायरे में लगभग 20 गांव आते हैं। अब तक इन गांवों की सुरक्षा और निगरानी का
पूरा भार मुख्य सहजनवा थाने पर था। दूरी अधिक होने के कारण पुलिस को मौके पर
पहुंचने में समय लगता था, जिससे
अपराधियों को भागने का अवसर मिल जाता था।
हैरानी की बात यह है कि
भवन न होने के बावजूद वर्ष 2022 से अब तक इस
कागजी चौकी पर तीन चौकी इंचार्जों की तैनाती की जा चुकी है। वर्तमान में भी यहाँ
एक चौकी इंचार्ज और पांच पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो संसाधन और
भवन के अभाव में क्षेत्र की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
दो माह के भीतर बनकर तैयार होगा नया भवन
निर्माण कार्य
शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। पुलिस विभाग का मानना है
कि बॉर्डर पर स्थित होने के कारण यह चौकी अंतर-जनपदीय अपराधियों की आवाजाही रोकने
में मील का पत्थर साबित होगी।
महेश चौबे, थाना प्रभारी सहजनवा- अधिकारियों का पक्ष जमीन
आवंटन में देरी के कारण निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका था। अब सभी बाधाएं
दूर कर ली गई हैं और निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। उम्मीद है कि आगामी दो माह के
भीतर चौकी अपने नए भवन में पूरी तरह स्थापित हो जाएगी।