-
Monday, 15th June, 2026
सहजनवा
रूरल न्यूज नेटवर्क।गोरखपुर
औद्यागिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के विस्तारित
क्षेत्र में बड़े औद्योगिक घराने निवेश की तैयारी में हैं। इसे धुरियापार में
विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल
धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप को ग्रेटर गीडा के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पहले चरण में यहां अडानी समूह के लिए जमीन आवंटित हो चुकी है। अब रिलायंस ग्रुप और
टाटा पावर की ओर से भी जमीन मांगी गई है। जल्द ही 400 एकड़ जमीन
उपलब्धक करायी जाएगी, जहां हजारों
करोड़ का निवेश होगा।
GIDA की ओर से धुरियापार
इंडस्ट्रियल टाउनशिप को 6876 एकड़ में
विकसित किया जा रहा है। यह औद्योगिक क्षेत्र 17 अधिसूचित
ग्रामों में विस्तृत है। यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप पूर्वांचल के सबसे बड़े
इंडस्ट्रियल लैंड बैंक वाली होगी। इस इंडस्ट्रियल टाउनशिप के पहले फेज में गीडा
द्वारा 800 एकड़ भूमि को अधिग्रहित कर
उसे इंडस्ट्री की डिमांड के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
गीडा की मुख्य कार्यपालक
अधिकारी (CEO) अनुज मलिक के अनुसार
इंडस्ट्रियल टाउनशिप के औद्योगिक सेक्टर-5 को 450 एकड़ एरिया में विकसित किया गया है। यहां दो बड़े निवेशकों को
जमीन भी आवंटित कर दी गई है। इसके साथ ही औद्योगिक सेक्टर-6 और 6-ए को विकसित
किया जा रहा है। सीईओ के अनुसार बड़े निवेशकों की तरफ से निवेश के लिए लगातार जमीन
की मांग को देखते हुए अब एक बार फिर चार सौ एकड़ से अधिक क्षेत्रफल के औद्योगिक
भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।
इन कंपनियों को मिल चुकी है
जमीन पूर्व में संपन्न हुई आवंटन प्रक्रिया में अडानी
समूह ने अंबुजा सीमेंट की यूनिट के लिए 46.63 एकड़ जबकि
श्रेयश डिस्टिलरी-एनर्जी लिमिटेड ने 60.48 एकड़ भूमि
आवंटित कराई है। इन दोनों भूमि आवंटन के सापेक्ष 4200 करोड़ रुपये का
निवेश आना और 6500 लोगों के लिए रोजगार सृजन
प्रस्तावित है। इन दोनों इकाइयों के शिलान्यास की भी तैयारी शुरू हो चुकी है।
धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अडानी समूह ने अंबुजा सीमेंट यूनिट के लिए
रेलवे लाइन स्लाइडिंग बनवाने को अतिरिक्त भूमि की मांग की है।
साथ ही टाटा पॉवर ने सोलर
पॉवर प्लांट और व रिलायंस समूह ने कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की यूनिट लगाने के लिए
औद्योगिक भूखंड लेने के लिए निवेश का डीपीआर GIDA को दिया है।
इसके अलावा अन्य कई निवेशक यहां अपनी पसंद की जमीन की मांग कर रहे हैं। निवेशकों
की मांग को देखते हुए गीडा की तरफ से भूखंडों के आवंटन की रूपरेखा तैयार कर ली गई
है।
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक का कहना है कि मुख्यमंत्री धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप को ग्रेटर गीडा के रूप में देखना चाहते हैं। टाउनशिप की परियोजना को इसी अनुरूप आगे भी बढ़ाया जा रहा है। CEO के अनुसार कनेक्टिविटी के लिहाज से यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप शानदार है। यह टाउनशिप गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप है और यहां रेल कनेक्टिविटी भी होने जा रही है। धुरियापार इंडस्ट्रियल के जरिये गोरखपुर का दक्षिणांचल आने वाले समय में नई औद्योगिक पहचान की आभा से चमक उठेगा।