Default Left Ad
Default Right Ad
Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, burn गोरखपुर / सहजनवा 18-Apr-2026 04:02 PM

दबंगों ने फोन पर धमकी देकर घर फूंका, पीड़िता का सारा सामान जला, न्याय के लिए भटक रही

रूरल न्यूज नेटवर्क सहजनवा थाना क्षेत्र के मुजौली गांव में दबंगों ने एक महिला के घर को आग के हवाले कर दिया। घटना से कुछ समय पहले महिला को फोन पर घर जलाने की धमकी दी गई थी। इस अग्निकांड में पीड़िता का सारा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पीड़िता ने अब न्याय की गुहार लगाई है और 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' तथा स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजौली निवासी कंचन यादव पत्नी कृष्णा यादव बीते 13 अप्रैल को अपने मायके में आयोजित रामायण पाठ के कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह परिजनों के साथ दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या चली गईं। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अयोध्या में थीं, तभी गांव के ही दो मनबढ़ युवकों ने उन्हें फोन किया और गाली-गलौज करते हुए घर में आग लगाने की सीधी धमकी दी।

Image Source Here...

धमकी के कुछ देर बाद ही घर को फूँका

​पीड़िता ने बताया कि धमकी मिलने के कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके घर से लपटें उठ रही हैं। आनन-फानन में पीड़िता ने पुलिस और ग्रामीणों को सूचित किया। जब तक ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाते, तब तक घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान, कपड़े, राशन और अन्य जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

न्याय के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

घटना से डरी-सहमी कंचन यादव ने शनिवार को 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' में उपस्थित होकर अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि दबंगों ने सरेआम कानून को चुनौती दी है और अब उनका परिवार खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर है।

​इस गंभीर मामले में एसओ सहजनवा, महेश कुमार चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×