Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, warehouse, Gas Agency 12-Mar-2026 02:02 PM

आशीष इंडेन गैस एजेंसी और कन्हैया गैस एजेंसी का गोदाम सील, किसी और एजेंसी से संबद्व होंगे उपभोक्ता

रूरल न्यूज नेटवर्क रसोई गैस की किल्लत के बीच गोरखपुर में दो एजेंसियों ने सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग शुरू कर दी। मंगलवार की रात पूर्ति विभाग एवं पुलिस ने यह खेल पकड़ लिया। बुधवार को पूरे दिन स्टाक मिलान किया गया। ब्लैक मार्केटिंग की पुष्टि होने पर दोनों एजेंसियों पर एक्शन हुआ है।

Image Source Here...

इनमें शामिल भगवानपुर, पीपीगंज की आशीष इंडेन गैस एजेंसी एवं नौसढ़ स्थित कन्हैया गैस एजेंसी के प्रोपराइटर के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा आईपीसी की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करायी जा रही है। आशीष इंडेन गैस एजेंसी का गोदाम भी सील कर दिया गया है। देर रात पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि आशीष इंडेन गैस सर्विस के मालिक पवन वर्मा को हिरासत में लिया गया है। हालांकि एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने बताया है कि पवन के रिश्तेदार की एजेंसी कन्हैया इंडेन गैस सर्विस नौसढ़ को भी सीज कर दिया गया है।

आशीष इंडेन गैस एजेंसी के मालिक पवन वर्मा, संबंधित परिवहन ठेकेदार मेसर्स प्रेस्टीज मूवर्स, ट्रक के चालक अली मोहम्मद एवं गैस एजेंसी के कर्मचारी के विरुद्ध गीडा थाने में एफआईआर दर्ज करायी जा रही है। गीडा के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार रात 8 बजे तक उन्हें तहरीर नहीं मिली थी।

एक ही व्यक्ति से संबंधित हैं दोनों एजेंसियां

 आशीष इंडेन गैस सर्विस के मालिक पवन वर्मा से संबंधित ही नौसढ़ की कन्हैया इंडेन गैस सर्विस एजेंसी भी है। ये एजेंसियां पहले भी विवादों में रहती आयी हैं। नौसढ़ में दिखाने के लिए एक छोटा आफिस है। गैस सिलेंडरों का वितरण दुकानों से होता है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले भी अलग-अलग मामलों में 4 एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

1500 रुपये में बेच रहे थे सिलेंडर

 ब्लैक मार्केटिंग के जरिए एजेंसी संचालक नौसढ में 1500 रुपये में एक घरेलू कूकिंग गैस का सिलेंडर बेच रहे थे। रात में ही किसी ने इस गड़बड़ी की सूचना पुलिस और संबंधित विभागों को दे दी, जिसके बाद छापा मारकर रंगे हाथ पकड़ा गया।

रसोई गैस की जिले में कोई किल्लत नहीं: डीएम

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा है कि जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। यदि किसी ने रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलाई या अफवाह की आड़ में कालाबाजारी की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस की किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक स्टॉक करने की होड़ में शामिल हों। नियमानुसार हर ग्राहक को रसोई गैस सिलिंडर प्राप्त होगा।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×