-
Wednesday, 1st April, 2026
सहजनवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर
सहजनवा क्षेत्र में प्रस्तावित 4.5 किलोमीटर लंबे
फ्लाईओवर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह परियोजना क्षेत्र में लगने
वाले लंबे जाम और सड़क हादसों से राहगीरों तथा स्थानीय व्यापारियों को राहत प्रदान
करेगी।
इस महत्वपूर्ण
परियोजना को शुरू करने के लिए पहला कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत, निर्माण मार्ग में बाधा बन रहे बिजली के बुनियादी ढांचे को
स्थानांतरित किया जाएगा।
फ्लाईओवर
निर्माण की जद में आने वाले लगभग 600 बिजली के पोल
को हटाने की योजना तैयार कर ली गई है। विद्युत विभाग के अनुसार, फोरलेन के किनारे से इन खंभों को हटाकर बिजली आपूर्ति को
सुचारू रखने के लिए अंडरग्राउंड केबल डाली जाएगी।
इस कार्य के
लिए विद्युत विभाग ने करीब 5 करोड़ रुपये का
स्टीमेट तैयार कर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को भेज दिया
है। बजट आवंटित होते ही बिजली लाइनों को शिफ्ट करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो
जाएगा, जिसके बाद मुख्य निर्माण
कार्य को गति मिलेगी।
क्यों पड़ी फ्लाईओवर की जरूरत
कसरवल से लेकर कालेसर जीरो पॉइंट तक हाईवे पर होने वाली
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने पूर्व में कई अवैध कट बंद कर दिए थे। कट
बंद होने से सहजनवा और गीडा (GIDA) जाने वाले
लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे स्थानीय
जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश था।
जनता की इस
समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर NHAI ने फ्लाईओवर का प्रस्ताव तैयार किया। केंद्र सरकार की
मंजूरी मिलने के बाद अब 600 करोड़ रुपये
की लागत से इस फ्लाईओवर का निर्माण सुनिश्चित हुआ है।
कुल लंबाई लगभग 4.5 किलोमीटर।
विस्तार जिगिना पुल से 100 मीटर पश्चिम
से शुरू होकर पिपरा तिराहा, सेक्टर-15 मोड़ और बोक्टा होते हुए कालेसर से पहले तक।
लागत मुख्य
निर्माण पर करीब 600 करोड़ रुपये और
विद्युत शिफ्टिंग पर 5 करोड़ रुपये।
फायदा गीडा
औद्योगिक क्षेत्र और सहजनवा कस्बे को सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी और लखनऊ-गोरखपुर के
बीच का सफर निर्बाध होगा। फ्लाईओवर निर्माण की जद में आने वाले दोनों तरफ के पोल
और तारों को चिन्हित कर लिया गया है।
निर्माण
विद्युत विभाग के एसडीओ बिपिन सिंह ने बताया- 5 करोड़ का
प्रस्ताव NHAI को भेजा जा चुका है, बजट मिलते ही अंडरग्राउंड केबलिंग का काम शुरू कर दिया
जाएगा।
जाम और हादसों से मिलेगी मुक्ति
वर्तमान में सहजनवा का यह हिस्सा 'ब्लैक स्पॉट' बनता जा रहा
था। फ्लाईओवर बनने के बाद लंबी दूरी के वाहन ऊपर से गुजर जाएंगे, जबकि स्थानीय यातायात नीचे की सर्विस रोड का उपयोग कर
सकेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गीडा में
आने वाले निवेशकों और उद्यमियों को भी सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।