-
Wednesday, 1st April, 2026
सहजनवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र
के मझोरा गांव में एक हिस्ट्रीशीटर की दबंगई से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने
शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) गीडा के कार्यालय में एक
शिकायती पत्र सौंपा। इसमें आरोपी हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई और
अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की गई है।
लूट और अपहरण का आरोप
मझोरा निवासी
नासिर अली ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गुरुवार शाम करीब 6:00 बजे वह पचौरी चौराहे से दवा लेकर घर लौट रहा था। थकान होने
के कारण वह मदारिया पुलिया पर सुस्ताने के लिए बैठ गया। इसी बीच क्षेत्र का
चिन्हित हिस्ट्रीशीटर अपने एक अज्ञात साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दबंग ने नासिर की कनपटी पर असलहा
सटा दिया और उसकी जेब में रखे 1500 रुपये जबरन
लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपी उसे
डरा-धमकाकर अपनी बाइक पर बैठा ले गया और एक रिश्तेदार के घर ले जाकर उसे बेरहमी से
पीटा।
चुनावी रंजिश में मारपीट
हिस्ट्रीशीटर
की दबंगई का दूसरा शिकार राम प्रताप बने। राम प्रताप गुरुवार को एक दाह संस्कार से
लौट रहे थे। शाम करीब 4:40 बजे जब वह
गांव के पास पहुंचे, तो आरोपी ने
उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आगामी चुनाव लड़ने की चर्चाओं को लेकर आरोपी
उनसे खुन्नस रखता था। इसी बात को लेकर आरोपी ने राम प्रताप के साथ गाली-गलौज की और
उन्हें मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश
हिस्ट्रीशीटर की इन लगातार आपराधिक गतिविधियों से गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी खुलेआम असलहा लहराते हुए घूमता है, जिससे किसी भी वक्त बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।