Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, cold day, cheate, Woman, dealer, lawyer 17-Feb-2026 06:32 PM

महिला से 28 लाख की धोखाधड़ी, डीलर-वकील पर बैनामे की जमीन दोबारा बेचने का आरोप

रूरल न्यूज नेटवर्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) थाना क्षेत्र के बरवार में जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि जमीन कारोबारियों और एक अधिवक्ता ने मिलकर उससे 28 लाख रुपये की ठगी की है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने साठगांठ कर पहले से बेची गई जमीन को उसे दोबारा बेच दिया। इस तरह उन्होंने 28 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित महिला ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला

​बड़गहन निवासी प्रभा पाण्डेय पत्नी सत्यप्रकाश पाण्डेय ने गीडा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्हें शहर के पास आवास के लिए जमीन की आवश्यकता थी। उनके पति ने जमीन का कारोबार करने वाले एक युवक से संपर्क किया। डीलर ने बरवार स्थित आराजी संख्या-278 में जमीन दिखाने के बाद सौदा तय किया।

कुल 0.1340 हेक्टेयर रकबे में से 243 वर्ग मीटर लगभग 6 डिसमिल जमीन का सौदा 28 लाख रुपये में तय हुआ। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने जुलाई 2025 में चेक और नकद के माध्यम से पूरी धनराशि का भुगतान कर दिया, जिसके बाद नियमानुसार रजिस्ट्री बैनामा निष्पादित की गई। वर्तमान में उक्त भूमि का दाखिल-खारिज भी पीड़िता के नाम हो चुका है।

​निर्माण कार्य देख उड़े होश ​धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता अपनी जमीन पर पहुंची। वहां उन्होंने देखा कि एक अन्य व्यक्ति उस भूमि पर निर्माण कार्य करवा रहा है। जब प्रभा पाण्डेय ने अपने बैनामे के दस्तावेज दिखाए, तो निर्माण करा रहे व्यक्ति ने भी उसी जमीन के कागजात पेश कर दिए।

​साजिश और जालसाजी का आरोप ​पीड़िता का आरोप है कि भू-माफिया और विक्रेता ने एक वकील के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से साजिश रची। तहरीर में कहा गया है कि विक्रेता ने उक्त जमीन को पूर्व में ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। ​तथ्यों को छिपाकर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर दोबारा बैनामा किया गया। ​जब इस विवाद को लेकर डीलर/विक्रेता से संपर्क किया गया, तो वे मौके पर आने से आनाकानी कर रहे हैं और टालमटोल कर रहे हैं।

Image Source Here...

​पुलिसिया कार्रवाई की मांग ​पीड़िता प्रभा पाण्डेय ने गीडा पुलिस को तहरीर देकर मांग की है कि उनकी गाढ़ी कमाई के 28 लाख रुपये हड़पने वाले जालसाजों और फर्जीवाड़े में शामिल अधिवक्ता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विक्रेता ने जानबूझकर धोखाधड़ी की है ताकि उनकी जमीन और पैसा दोनों हड़पे जा सकें।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडे का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है जांच उपरांत दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×